
पहाड़ों से आने वालीं सर्द हवाओं के कारण पंजाब समेत पूरा उत्तर भारत भीषण शीतलहर की चपेट मे
मौसम विभाग ने पंजाब, दिल्ली व हरियाणा में जारी किया भीषण सर्दी का यलो अलर्ट
घने कोहरे की चपेट में हिमाचल का मैदानी क्षेत्र
चंडीगढ, 11 जनवरी (विश्ववार्ता) पहाड़ों से आने वालीं सर्द हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा समेत पूरा उत्तर भारत भीषण शीतलहर की चपेट में है। धूप नहीं निकलने से ठिठुरन बढ़ गई है। उत्तर भारत मे पूरी तरह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अधिकतम तापमान 12 डिग्री से ऊपर पहुंचने पर भीषण सर्दी से राहत मिलनी शुरू हो जाती है लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के कारण ठंड का प्रकोप जारी है। रैड व ऑरेंज जोन से बाहर आ चुके पंजाब में हवाओं का रुख बदलने से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब व हरियाणा में भीषण सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे के कारण सडक़ यातायात, ट्रेन व विमान सेवाएं प्रभावित रहीं। देर रात से घने कोहरे के कारण 225 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई। वहीं, 125 से अधिक ट्रेन 2-10 घंटे की देरी से चलीं।
अमृतसर का अधिकतम तापमान बुधवार को 9.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे रहा। वहीं, लुधियाना में 12.2 डिग्री, पटियाला का 12.6 डिग्री, पठानकोट का 12.2 डिग्री, फरीदकोट का 11.0, एसबीएस नगर का 10.1 डिग्री दर्ज किया गया। उधर पंजाब के न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 1.6 डिग्री ऊपर बना है। पटियाला का न्यूनतम पारा 6.2 डिग्री, लुधियाना का 6.1 डिग्री, अमृतसर का 6.6 डिग्री, पठानकोट का 7.6 डिग्री. फरीदकोट का 6.0, एसबीएस नगर का 5.7, फरीदकोट का 8.1 डिग्री दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में बुधवार सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहा।
सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से कम रहा। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित सोलन, मंडी और सिरमौर के कई क्षेत्रों में वीरवार को भी कोहरा पडऩे का यलो अलर्ट जारी हुआ है।























