
पडोसी राज्य हरियाणा मे भी न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नजदीक पहुंचा
आज प्रदेश में घने कोहरे व शीत लहर को लेकर रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी
चंडीगढ, 13 जनवरी (विश्ववार्ता) इस समय पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड की चपेट मे है। पंजाब, हरियाणा मे ठंड ने जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। हरियाणा में में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच गया। इस दौरान हिसार जिले के बालसमंद में रात का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कई जिलों में सुबह घना कोहरा भी छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम की रह गई। भारतीय मौसम विभाग ने आज प्रदेश में घने कोहरे व शीत लहर को लेकर रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
महेंद्रगढ़। पिछले दो सप्ताह से लोगों की परेशानियां थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को महेंद्रगढ़ 1 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेशभर में दूसरा सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। लगातार दो दिनों से पड़ रहे पाले ने अब किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। सरसों व सब्जियों की फसलों में लगातार दो दिन से पड़ रहे पाले से नुकसान की संभावना बनी हुई है।सुबह छह बजे पाला जमने से सफेद चादर सी नजर आई। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम में 6.7 व न्यूनतम में 0.5 डिग्री की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 10 डिग्री रहा तथा न्यूनतम तापमान 1 डिग्री दर्ज किया गया।
लगातार उत्तरी मैदानी राज्यों में विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली और जिला महेंद्रगढ़ पर हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम जारी है। उत्तरी बर्फिली हवा चलने से रात के समय पार लुढक़कर जमाव बिंदु पर पहुंच गया है। इस समय प्रदेश के 22 जिलों का तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में 13 जनवरी के लिए रेड अलर्ट और 16 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। शुक्रवार को प्रथम पायदान पर 0.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बालसमंद हिसार रहा, जबकि 1 डिग्री के साथ महेंद्रगढ़ प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।





















