पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने आईपीएस अधिकारी आशीष कपूर को बड़ा दिया झटका
चंडीगढ़, 1 मार्च (विश्ववार्ता) पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा आईपीएस अफसर आशीष कपूर को बड़ा झटका देते हुए एएसआई हरजिंदर सिंह को क्षमादान व सरकारी गवाह के रूप में शामिल कर बयान दर्ज करवाने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी गई है। साथ ही भ्रष्टाचार के इस मामले में ट्रायल कोर्ट के अंतिम फैसला सुनाने पर लगाई गई रोक भी हटा दी गई है।
याचिका दाखिल करते हुए आशीष कपूर ने हाईकोर्ट को बताया था कि 1 करोड़ रुपये की रिश्वत को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम में उनके खिलाफ मामला मोहाली की विशेष अदालत में विचाराधीन है। अक्तूबर 2022 को मोहाली में विजिलेंस ने यह एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में सह आरोपी एएसआई हरजिंदर सिंह को अदालत ने क्षमादान दे दिया और वह गवाह बन गया। विशेष अदालत ने उसके गवाह के तौर पर बयान दर्ज करवाने का आदेश दिया था।
हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद याचिका को खारिज कर दिया। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने इस मामले में अंतिम आदेश जारी करने पर लगाई गई रोक भी हटा दी है।
























