
पंजाब, हरियाणा व ट्राईसिटी में ठंड का सीतम जारी
14 फ्लाइट्स रद्द, 19 ने देरी से भरी उड़ान
चंडीगढ़ मे मौसम विभाग ने लगाया बारिश का पूर्वानुमान
चंडीगढ, 6 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब, हरियाणा व ट्राईसिटी मे ठंड का प्रकोप जारी है जिस कारण पूरा पंजाब ठंड से कांप रहा है तो वही हरियाणा मे भी जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। वही दोनो राज्यो की राजधानी चंडीगढ़ के लोगों को फिलहाल सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं अधिकतम तापमान में गिरावट अभी भी जारी है। अब चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने नौ जनवरी को बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके बाद भी अगले कुछ दिन हल्के बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। शहर में शुक्रवार को घने कोहरे से राहत मिली लेकिन मौसम केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए कोहरे की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने 9 जनवरी को बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक हल्के बादल छाए रहेंगे। खराब मौसम और कोहरे के कारण शुक्रवार को शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली 14 फ्लाइट रद्द रही।
न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। गुरुवार को सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसकी वजह से कड़ाके की ठंड रही। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़ा है लेकिन अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई है। इसकी वजह से दिन में लोगों को ठंड ज्यादा महसूस हुई।
मौसम केंद्र के अनुसार अगले चार दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। कल दिन के समय में हल्की धूप भी निकली। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी हल्की धूप निकल सकती है लेकिन लोगों को सर्दी से खास राहत नहीं मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से नौ जनवरी को बारिश हो सकती है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।























