

पंजाब, हरियाणा और हिमाचल को वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात
वंदे भारत में बैठकर ऐसा लगता है कि ट्रेन नहीं बल्कि प्लेन में यात्रा कर रहे हो: मनोहर लाल
चंडीगढ़ , 13 अक्टूबर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरी झंडी के बाद वंदे भारत ट्रेन ऊना से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। चंडीगढ़ पहुंचने पर वंदे भारत एक्सप्रेस का हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वागत किया। श्री मनोहर लाल मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसद और विधायकों के साथ ट्रेन में सवार भी हुए और अगले गंतव्य अंबाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की।
अंबाला पहुंचने पर हजारों लोगों ने ट्रेन का स्वागत किया। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में अंबाला पहुंचे मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात से हरियाणा के लोगों को खासा फायदा होगा। उन्होंने कहा कि आज़ादी के अमृत महोत्सव में सरकार ने 75 ऐसी ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। इससे देश की प्रगति को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन चलने से कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर ऐसा लगा कि ट्रेन में नहीं बल्कि प्लेन में सफर कर रहे हो।
श्री मनोहर लाल ने कहा कि इस ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यात्रा सुगम और सुरक्षित हो गई है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में समय की बचत के साथ-साथ यात्री आरामदायक सफर का लाभ उठा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल सेवा का विस्तार और उसको आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। केंद्र सरकार ने 200 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है। रेलवे स्टेशनों में आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। हरियाणा के रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन हिमाचल के ऊना से चलेगी और चंडीगढ़ होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव अम्बाला में भी होगा। इस ट्रेन के चलने से दिल्ली दिल्ली जाने वाले और दक्षिण हरियाणा से चंडीगढ़ आने वाले यात्रियों को बहुत फायदा होगा।
गौरतलब है कि वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रा का एक आरामदायक और तेज तरीका प्रदान करने में मदद मिलेगी। ऊना से नई दिल्ली के लिए यात्रा का समय दो घंटे कम हो जाएगा। अंब अंदौरा से नई दिल्ली के लिए चलने वाली, यह देश में शुरू की जाने वाली चौथी वंदे भारत ट्रेन होगी और पहले की तुलना में एक उन्नत संस्करण है, जो बहुत हल्का है और कम अवधि में उच्च गति तक पहुंचने में सक्षम है।





















