
पंजाब सीएम मान के प्रिंसिपल सेक्रेटरी के तौर पर इस बड़े अधिकारी को किया तैनात
चंडीगढ, 28 दिसंबर (विश्ववार्ता) बडी खबर सामने आ रही है कि 1990 बैच के आईएएस अधिकारी विजय कुमार सिंह को मुख्यमंत्री पंजाब के प्रिंसिपल सेक्रेटरी नियुक्त किए गए है। जानकार सूत्रों के हवाले से खबर है कि 1990 बैच के वीके सिंह वर्तमान में रक्षा मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत हैं और पूर्व सैनिकों का विभाग देख रहे हैं। पंजाब सरकार ने केंद्र से उनकी वापसी का अनुरोध किया था, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। आईएएस वीके सिंह को मुख्यमंत्री भगवंत मान का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रधान सचिव का पद खाली है। पहले यह पद आईएएस अधिकारी ए वेणु प्रसाद के पास था लेकिन उनके रिटायर होने के बाद से यह पद खाली था। नियुक्तियों के लिए बनी कैबिनेट कमेटी ने इसे मंजूरी दे दी है।
वी.के. सिंह का पंजाब और केंद्र सरकार के विभिन्न प्रशासनिक पदों पर करीब 33 वर्षों से अधिक का काम करने का अनुभव है। वह मूल रूप से बिहार के निवासी हैं।
वह केंद्रीय डैपुटेशन पर जाने से पहले केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय में विशेष सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। रक्षा मंत्रालय के सचिव से पहले वह कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर भी कार्यरत रह चुके हैं। पंजाब में आला अफसरों की कमी है जिसके कारण एक एक अफसर को कई कई विभाग देने पड़ रहे हैं। उदाहरण के तौर पर केएपी सिन्हा के पास वित्त, कृषि और सहकारिता, तीनों प्रमुख विभाग हैं। इसी तरह तेजवीर सिंह के पास बिजली, उद्योग, ग्रामीण विकास और पंचायत समेत सात विभाग हैं।























