
पंजाब सीएम मान केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विधायको के साथ करेगें सामुहिक भूख हडताल
15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं केजरीवाल
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्ववार्ता) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ कल से सामुहिक भूख हडताल अनशन करेंगे। इस बात की जानकारी सूत्रो के हवाले से आ रही है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में सात अप्रैल को देशव्यापी सामूहिक अनशन का आह्वान किया है।
इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान खटकड़ कलां पहुंचेंगे और सभी विधायक और मंत्री इस भूख हड़ताल में शामिल होंगे। इस बारे आम आदमी पार्टी के विधायक नेता दिनेश चड्ढा, बिक्रमजीत पासी और हसुखिंदर सिंह बब्बी बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि कल सुबह 11 बजे खटकड़ कलां में भूख हड़ताल की जाएगी। जिसमें मुख्यमंत्री मान सहित सभी मंत्री एवं विधायक उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह भूख हड़ताल पूरे पंजाब के जिला कार्यालयों में की जाएगी।
आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री मान और सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में सात अप्रैल को शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकर कलां में अनशन करेंगे।
उन्होंने पंजाब के लोगों से भी अनशन में शामिल होने की अपील की। रूपनगर से विधायक चड्ढा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी में भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार का हाथ है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक को भाजपा अपने लिए ‘‘सबसे बड़ा खतरा’’ मानती है।
इससे पहले भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को फतेहगढ़ साहिब सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार और क्षेत्र के विधायकों के साथ चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की थी। पंजाब में आप के चुनाव प्रचार प्रभारी मान ने विधायकों से उनके निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में जानकारी ली और लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श किया। आप ने 2022 के विधानसभा चुनावों में फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट के अंतर्गत सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की थी।























