
पंजाब सीएम भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होने का आदेश
इस तारिख को अकाल तख्त साहिब में निजी तौर पर पेश होकर अपना स्पष्टीकरण दें सीएम मान: जत्थेदार ध्यान सिंह मंड
चंडीगढ़, 22 जून (विश्ववार्ता) सरबत खालसा की ओर से नियुक्त कार्यवाहक जत्थेदार ध्यान सिंह मंड ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को 28 जून को श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को आदेश है कि वह उपरोक्त मामले के संबंध में 28 जून को सुबह 11 बजे अकाल तख्त साहिब में निजी तौर पर पेश होकर अपना स्पष्टीकरण दें कि उन्होंने सिख मुख्यमंत्री होते हुए ऐसी अवज्ञा क्यों की है? जत्थेदार ध्यान सिंह मंड ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सिखों के धार्मिक मामलों में दखलअंदाजी नहीं करनी चाहिए। मुख्यमंत्री भगवंत मान मर्यादा से अच्छी तरह वाकिफ हैं, लेकिन गुरबाणी के प्रसारण संबंधी उन्होंने सीधे तौर पर सिखों के मामलों में दखलअंदाजी की है।
जत्थेदार मंड ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को लिखे पत्र में कहा कि ‘आप’ सरकार ने गुरबाणी प्रसारण के मुद्दे को लेकर झूठे तर्कों का पुलिंदा बनाकर कैबिनेट में एक प्रस्ताव पारित कर सीधे तौर पर सिखों के धार्मिक मामलों में सरकारी दखलअंदाजी की है। उन्होंने शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी को भी आदेश दिया कि वे भी कौम के सामने स्पष्टीकरण दें कि शिरोमणि कमेटी द्वारा नियुक्त जत्थेदार साहिब की हिदायत कि शिरोमणि कमेटी अपना चैनल स्थापित करे, के बावजूद अब तक चैनल बारे क्यों नहीं कुछ कर सके।























