
पंजाब सीएम ने छत्तीसगढ़ मे भरी बडी हुंकार
छत्तीसगढ़ को फिर से छत्तीसगढ़ बनाया जाएगा- सी.एम. मान
चंडीगढ़, 2 जुलाई (विश्ववार्ता) छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी की तरफ से आज महारैली मे पंजाब सी.एम. भगवंत मान ने बड़ी हुंकार भरी। सी.एम. मान ने लोगों को संबोधित करते कहा कि राज्य में सरकार बदलने के लिए कोई परीक्षा नहीं देनी पड़ती, बल्कि दिल्ली और पंजाब की तरह सिर्फ झाडू वाला बटन दबाना पड़ता है।
सी.एम. मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में बड़ी से बड़ी पार्टी के नेताओं को शिकस्त दी है। अगर लोग मन बना लें कि उक्त पार्टी को सत्ता में लाना है तो उसे कोई नहीं टाल सकता। आज भी पंजाब में 90 प्रतिशत लोगों के घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है और बिजली बोर्ड को भी पूरी सबसिडी मिल रही है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों पर बोलते हुए कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों की नुहार बदल कर रख दी है। दिल्ली में निम्न वर्ग से संबंधित बच्चा व अमीर वर्ग से संबंधित बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के शासन से दिल्ली और पंजाब में लोग पूरी तरह से खुश हैं। सी.एम. मान ने कहा कि छत्तीसगढ़ को फिर से छत्तीसगढ़ बनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में सब कुछ है, लेकिन नेता अच्छे नहीं है। इसलिए राज्य की राजनीति में बदलाव करना होगा। सही बटन दबाओगे तो स्थिति सुधर जाएगी, वरना राज्य के हालात जैसे के तैसे ही बने रहेंगे। आम आदमी पार्टी जो वायदे करती है, उन्हें बखूबी निभाती है।























