
पंजाब सरकार के बजट सेशन का आज दूसरा दिन
दूसरे दिन भी हंगामेदार रहने के आसार
आज भी विपक्ष ने सरकार को सदन में घेरने की पूरी की तैयारी
चंडीगढ़, 4 मार्च (विश्ववार्ता)पंजाब सरकार के बजट सेशन का आज दूसरा दिन है। 16वीं पंजाब विधानसभा के बजट सत्र में दूसरे कामकाजी दिन आज भी विपक्ष ने सरकार को सदन में घेरने की पूरी तैयारी कर रखी है। हालांकि, माहौल आज भी हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्षी दलों की तरफ से सरकार को किसान आंदोलन, फसलों को हुए नुकसान समेत कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी की गई है। वहीं, इस दौरान राज्यपाल बीएल पुरोहित के अभिभाषण पर बहस होगी।
किसानों के मुद्दे के साथ-साथ महंगाई के मुद्दे को लेकर मुख्य विपक्षी दल का पहले दिन की भांति वेल में पहुंचना तय माना जा रहा है, जिसके चलते राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस में व्यवधान पडऩे की आशंका है।
आज प्रश्नकाल के बाद विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी द्वारा लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर लोक निर्माण मंत्री जवाब देंगे। इसके बाद सदन में कार्य सलाहकार कमेटी की पहली रिपोर्ट पटल पर रखी जाएगी और फिर राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस प्रस्ताव लाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने शनिवार को जारी बयान में साफ कर दिया था कि वह किसान आंदोलन और राज्य की जनता पर लगाए गए कई तरह के टैक्स को लेकर सरकार के जवाब मांगेंगे। सोमवार को कांग्रेस के अलावा शिअद और भाजपा के सदस्य भी विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने के मूड में हैं। शिअद की तरफ से मुख्यमंत्री द्वारा रिजार्ट सुख विलास को लेकर दिए गए बयान पर सवाल उठाए जाएंगे, जबकि भाजपा किसानों के मुआवजे की मांग पर जोर दे सकती है।























