

पंजाब सरकार और राज्यपाल के बीच विवाद को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट मे अहम सुनवाई
राज्यपाल पहले ही अपने स्टैंड से ले चुके है यू-टर्न
पंजाब की आप सरकार की ओर से दाखिल है याचिका
चंडीगढ़, 10 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाब राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित द्वारा सरकार की ओर से बुलाए विधानसभा सत्र को अवैध बताने और सदन में पारित बिलों को मंजूरी न देने पर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर आज सुनवाई होगी। हालांकि, पंजाब गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित अपने स्टैंड से यू-टर्न ले चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुप्रीम कोर्ट ने बीती सुनवाई में गवर्नर पंजाब को खूब ताड़ लगाई।
सुप्रीम कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित द्वारा विधेयकों पर की गई कार्रवाई पर अद्यतन स्थिति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि राज्यपालों को शीर्ष अदालत के समक्ष मामले आने से पहले ही विधेयकों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं पंजाब के राज्यपाल की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल मेहता ने पीठ को सूचित किया कि राज्यपाल ने उनके समक्ष रखे गए विधेयकों पर कार्रवाई की है और पंजाब सरकार द्वारा दायर याचिका एक अनावश्यक मुकदमा है। पंजाब सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राज्यपाल को थोड़ी आत्ममंथन की जरूरत है, उन्हें पता होना चाहिए कि वे जनता के चुने हुए प्रतिनिधि नहीं हैं।
मामला अदालत में आने से पहले ही कार्रवाई करनी चाहिए। एसजी का कहना है कि पंजाब के राज्यपाल ने कार्रवाई की है और कुछ दिनों में अद्यतन स्थिति रिपोर्ट पेश की जाएगी। याचिका को आज सूचीबद्ध किया जाए और अदालत को राज्यपाल द्वारा की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। अदालत ने मामले की सुनवाई 10 नवंबर को तय की थी।





















