
पंजाब विधानसभा के बजट सेशन के पांचवें दिन भी रही खूब गर्मागर्मी
रूस गए पंजाबी युवकों को सेना में भर्ती करने का गंभीर मामला उठा
सदन में उठा पंजाब में गैंगस्टर कल्चर का मुद्दा
चंडीगढ़, 7 मार्च (विश्ववार्ता) पंजाब विधानसभा के बजट सेशन के पांचवें दिन भी सदन मे खूब गर्मागर्मी देखने को मिली। विपक्ष ने कई मुद्दो पर सरकार को जमकर घेरा। कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने सदन में राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रचलित गैंगस्टर संस्कृति का मुद्दा उठाया। वही सत्र मे पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायक परगट सिंह द्वारा रूस गए पंजाबी युवकों को जबरन सेना में भर्ती करने का गंभीर मामला उठाया गया। परगट सिंह ने कहा कि रूस घूमने गए 5 पंजाबी युवकों को वहां की सरकार ने जबरन यूक्रेन के खिलाफ जंग लडऩे के लिए सेना में भर्ती कर लिया था और इस मुद्दे को भारत सरकार के आगे उठाया जाए। इस पर मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने जवाब देते हुए कहा कि इस संबंध में पहले ही केंद्र सरकार और रूस स्थित अपनी एजेंसी से बातचीत की जा रही है।
पंजाब विधानसभा के बजट सेशन के पांचवें दिन सदन में कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने कहा कि पंजाब में इन दिनों डर का माहौल है। उन्होंने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जेल से इंटरव्यू का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जेल के भीतर से लॉरेंस बिश्नोई के साक्षात्कार को एक साल हो गया है और पंजाब पुलिस भारत अभी तक इसकी संतोषजनक जांच नहीं कर पाई है। वडि़ंग ने सदन में राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रचलित गैंगस्टर संस्कृति का मुद्दा उठाया।























