
पंजाब में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम जारी, सर्दी हर रोज तोड रही है रिकार्ड
चंडीगढ़, 31 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब व उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम जारी है। पंजाब व हरियाणा के अधिकतर हिस्से में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटो मे कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में थोड़ा बदलाव आया। रात के तापमान में मामूली सी बढ़ोतरी रही लेकिन दिन के तापमान में गिरावट रही। रविवार को भी पश्चिम विक्षोभ का असर बना रहेगा। भारतीय मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए कोहरे की वजह से रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने पूरे पंजाब को अपनी चपेट में ले रखा है। बीते एक सप्ताह से आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूर्य देव के दर्शन लोगों को दुर्लभ हो गए है। इसी कारण हर दिन तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सर्दी रोज कोई न कोई रिकॉर्ड तोड़ रही है। न्यूनतम तापमान में बठिंडा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, यहां 2.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार को कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में एक जनवरी तक बहुत घना कोहरा रहने और दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने का अनुमान जताया है। वहीं, पंजाब के कई हिस्सों, पश्चिम उत्तर प्रदेश में रात्रि और सुबह के दौरान चार जनवरी तक घने कोहरे का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में दो जनवरी तक कोहरा छाया रहेगा। ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 दिसंबर को घना कोहरा रहेगा।























