
पंजाब में शिक्षा विभाग ने स्टूडेंट्स के बाद अब अध्यापकों को भी दी बड़ी राहत, DEO करेंगे स्कूलों की जांच
चंडीगढ, 9 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब सरकार ने शीतलहर के चलते राज्य के सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों में 14 जनवरी तक छुट्टियों का ऐलान किया था। जिसके बाद स्कूल प्रशासन द्वारा ऑनलाइन क्लास लगाने को कहा गया। ठंड से बच्चों को राहत देने के बाद अब पंजाब के अध्यापकों को भी ठंड से राहत दी गई है। पंजाब सरकार ने अध्यापकों के लिए नए आदेश जारी किए हैं। संबंधित स्कूल प्रमुख और जिला अधिकारी ऑनलाइन क्लास की मॉनिटरिंग करेंगे। वहीं, 11वीं और 12वीं के अध्यापक और नॉन टीचिंग स्कूल में हाजिरी जरूरी रहेगी।
बता दें कि कई स्कूल ऐसे हैं जहां छुट्टियां होने के बाद अध्यापकों को स्कूल बुलाया गया है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने DEO की ड्यूटी लगाई है कि ऐसे स्कूलों की जांच करें, जहां अध्यापक बुलाए जा रहे हैं। उन स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कक्षा 8 से 10 तक के सभी विषयों की ऑनलाइन कक्षाएं अनिवार्य हैं। सभी शिक्षक अपने-अपने विषयों की ऑनलाइन कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे की समय सारिणी के अनुसार लेंगे। इन कक्षाओं की निगरानी प्रिंसिपल और जिला अधिकारी द्वारा की जाएगी।
प्राइमरी, मिडिल व हाईस्कूल (शिक्षकों और स्टूडेंट्स) सहित 14 जनवरी तक पूरी तरह से बंद रहेंगे।सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में केवल 11वीं और 12वीं कक्षाएं नियमित होंगी। शिक्षक कक्षाओं को पढ़ाएंगे। अध्यापक और नॉन टीचिंग स्कूल में हाजिरी जरूरी रहेगी। बाकी स्टाफ छुट्टी पर रहेगा।





















