
पंजाब में वंदे भारत ट्रेन की चपेट मे आया मासूम, हुई मौत
चंडीगढ, 28 दिसंबर (विश्ववर्ता) पंजाब में कीरतपुर साहिब के निकट लोहंड पुल के नजदीक वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक ढाई वर्ष की बच्ची की मौत हो गई। दरअसल, गांव कल्याणपुर में रहने वाले विकास कुमार की ढाई वर्ष की बेटी खुशी खेलते-खेलते रेलवे लाइन पर चली गई। इस दौरान दिल्ली से अंब (हिमाचल प्रदेश) वंदे भारत (22447) ट्रेन जा रही थी। सुपरफास्ट गाड़ी होने के कारण ट्रेन की गति अधिक थी। इसकी चपेट में आकर बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।





















