
पंजाब में मोदी सरकार पर बरसे खड़गे, बोले- कांग्रेस आई तो काले कृषि कानून करेंगे रद्द
कहा पंजाब गुरुओं की धरती है। गुरु श्री नानक देव जी ने हिंदुस्तान शब्द दिया
चंडीगढ, 12 फरवरी (विश्ववार्ता) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार ने 10 साल में किसानों और जवानों को बर्बाद कर दिया है।किसानों ने 3 काले कानूनों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. सरकार ने उनका आंदोलन ख़त्म करने के लिए क़ानून तो निलंबित कर दिये, लेकिन कोई अधिसूचना जारी नहीं की। अगर 2024 में कांग्रेस पार्टी सरकार में आई तो हम तीनों कृषि बिलों को रद्द कर देंगे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पंजाब के लुधियाना में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू इस कार्यकर्ता सम्मेलन में नजर नहीं आए।
अगर सभी ने मिलकर काम किया तो कांग्रेस उतनी सीटों पर जरूर जीतेगी, जितने पर वह चाहती है। पंजाब गुरुओं की धरती है। गुरु श्री नानक देव जी ने हिंदुस्तान शब्द दिया है। इस हिंदुस्तान शब्द को कायम रखना है। उन्होंने एकता का संदेश दिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों सहित देश की जनता को आमंत्रित करते हुए कहा कि चाहे हम इंडिया गठबंधन के साथ लड़ें या अकेले लड़ें, लेकिन मोदी को हटाने के लिए कश्मीर से कन्या कुमारी तक बीजेपी को हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी देश को बर्बाद करने में लगे हैं और आज नेहरू और इंदिरा गांधी द्वारा बनाए गए हवाई अड्डे, बंदरगाह, सड़कें और जहाज बेचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की एक ही नीति है कि अमीरों को अमीर बनाकर गरीबों को पूरी तरह कुचल दिया जाए। खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार की हर गारंटी 2 करोड़ नौकरी और हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपए भेजने जैसी ही है। उन्होंने कहा कि किसानों से तीन कृषि काले कानूनों को रद्द करने और उनकी आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन केंद्र द्वारा कानूनों को रद्द करने की अधिसूचना अभी तक नहीं की गई है और किसानों द्वारा आंदोलन अब फिर से शुरू किया जा रहा है। कांग्रेस किसानों के आंदोलन को पूरा समर्थन देगी और कांग्रेस की सरकार बनी तो ये तीनों काले कानून भी रद्द कर दिए जाएंगे।






















