
💥 पंजाब में बदलते मौसम को देखते हुए बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी का समय बदला
💥 दिलावर खान टॉवर पोस्ट पर तैनात बीएसएफ जवान करते हैं परेड
चंडीगढ़, 16 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाब मे ठंड ने दस्तक दे दी है जिस कारण फरोजपुर में भारत-पाकिस्तान हुसैनीवाला बॉर्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी का समय बदल दिया गया है। अब सेरेमनी शाम पांच बजे के बजाय साढ़े चार बजे होगी। यह जानकारी बीएसएफ के प्रवक्ता ने दी है।
हुसैनीवाला बार्डर पर रोजाना सुबह भारत और पाकिस्तान अपने-अपने एरिया में अपने राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। शाम के समय दोनों देशों की ओर से बेहतरीन परेड प्रस्तुत की जाती है। भारत की ओर से दिलावर खान टॉवर पोस्ट पर तैनात बीएसएफ के जवान परेड को करते हैं।
यह रिट्रीट सेरेमनी अमृतसर में अटारी बार्डर, फज्लिका में सैदेके चौकी और फिरोजपुर में हुसैनीवाला बार्डर पर होती है, इस रिट्रीट सेरेमनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक पहुंचते हैं। लगभग 40 मिनट तक होने वाली इस रिट्रीट सेरेमनी के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो जाता है। भारत की सरहद पर भारतीय तो पाकिस्तान की तरफ पाक नागरिक अपने देश के नारे लगा अपने देश-प्रेम को उजागर करते हैं। लोग देशभक्ति के गानों से झूमते हुए दिखाई देते हैं।
शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के स्मारक हुसैनीवाला बॉर्डर के नजदीकी हैं। 1962 तक यह क्षेत्र पाकिस्तान के पास रहा और उन्होंने भारत के इन महान शहीदों की याद में कोई भी स्मारक बनाने की परवाह नहीं की, जिन्होंने दोनों देशों की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। 1962 में भारत ने सुलेमानकी (फाजिल्का) के पास के 12 गांव पाकिस्तान को दे दिए थे और बदले में इस शहीद स्मारक की जमीन मिली थी।























