
पंजाब में आने वाले दिनों में धुंध का बढ़ेगा प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में धुंध से राहत मिलने के आसार
चंडीगढ, 4 दिसंबर (विश्ववार्ता) मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा और पंजाब के विभिन्न जिलों का तापमान सामान्य के करीब बना रहा। वहीं, राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। रविवार को पंजाब के अमृतसर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 9.2, पटियाला में 10.3, पठानकोट में 10.9 और बठिंडा में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के आंकड़ों के अनुसार, हिसार में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घनी धुंध के अलर्ट के बीच विभाग ने वाहन चालकों को ड्राइविंग के समय सावधानी बरतने की सलाह भी दी है। कई जिलों में अगले छह दिन तक और हरियाणा में दो दिन तक कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है। दोनों ही राज्यों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।























