
पंजाब में आज कुल इतने टोल प्लाजा होगें फ्री , ‘कोमी इंसाफ मोर्चे द्वारा किया गया बडा ऐलान
बंदी सिखों की रिहाई के मामले को लेकर एसजीपीसी ने भी अलग से बुलाई बैठक
चंडीगढ, 20 जनवरी (विश्ववार्ता) बंदी सिखों की रिहाई के लिए कौमी इंसाफ मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का एलान कर दिया है। मोर्चा का एलान है कि आज मोर्चा के कार्यकर्ता पंजाब भर में तीन घंटे प्रत्येक टोल प्लाजा को रोष स्वरूप मुफ्त करेंगे। दरअसल, चंडीगढ़-मोहाली की सरहद पर बंदी सिंहों की रिहाई के लिए लगाए गए ‘कोमी इंसाफ मोर्चे द्वारा इसका ऐलान किया गया है। अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए अब कौमी इंसाफ मोर्चे ने नई रणनीति तैयार की है। मोर्चा के नेताओं ने कहा है कि उनकी मांगों की तरफ केंद्र और ना ही राज्य सरकार ध्यान दे रही है।
इसके चलते उनके द्वारा कल 20 जनवरी को मोहाली सहित पंजाब के विभिन्न जिलों के 13 टोल प्लाजा को 3 घंटे के लिए फ्री करवाया जाएगा। बताया जा रहा है कि जिन टोल प्लाजा को फ्री करवाया जाएंगा, उनमें फिरोजपुर का फिरोजशाह टोल प्लाजा और तारापुर टोल प्लाजा, मोहाली का अजीजपुर टोल प्लाजा, भागोमाजरा टोल प्लाजा, सोलखियां टोल प्लाजा, बरोदी टोल प्लाजा, पटियाला जिले का परेडी जट्टा टोल प्लाजा, जालंधर का बामनीवाल टोल प्लाजा, लुधियाना का लाडोवाल टोल प्लाजा, फरीदकोटका में तलवंडी भाई टोल प्लाजा और नवांशहर का टोल प्लाजा शामिल हैं। बता दें कि बंदी सिंहों की रिहाई समेत अन्य सिख मुद्दों के समाधान के लिए पिछले एक साल से मोहाली और चंडीगढ़ की सीमा पर राष्ट्रीय कौमी मोर्चा लगाया गया है, जिसे एक साल पूरा हो गया है। प्रदर्शनकारियों का विरोध प्रदर्शन अभी भी जारी है।
उधर, बंदी सिखों की रिहाई के मामले को लेकर एसजीपीसी ने भी अलग से बैठक बुला ली है। एसजीपीसी की बैठक श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के आदेश पर बुलाई गई है। बैठक में एसजीपीसी की ओर से बंदी सिखों की रिहाई के लिए आंदोलन करने व राजोआणा की फांसी की सजा माफ करवाने के लिए राष्ट्रपति के पास दायर दया याचिका के संबंध में फैसला लिया जाएगा। कौमी इंसाफ मोर्चा पिछले करीब एक वर्ष से बंदी सिखों की रिहाई के लिए धरना दे रहा है। पिछले वर्ष छह जनवरी को यह आंदोलन शुरू किया गया था। सिखों की रिहाई के लिए कई बार सरकार के प्रतिनिधियों से बातचीत हुई। परंतु आज तक कोई हल नहीं निकला है। कौमी इंसाफ मोर्चा का अधिक प्रभाव मालवा व दोआबा क्षेत्र में है।





















