
पंजाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से की मुलाकात
आप विधायकों द्वारा भाजपा पर लगाए आरोपों की हाईकोर्ट के जज से जांच कराने की मांग
चंडीगढ, 16 सिंतबर (विश्ववार्ता) विधायक खरीदने की कोशिश के आम आदमी पार्टी के आरोपों के खिलाफ पंजाब भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात कर ‘निराधार’ आरोपों की जांच की मांग की। भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल पुरोहित के साथ बैठक के दौरान हाईकोर्ट के किसी मौजूदा न्यायाधीश से इसकी जांच कराने की मांग की।
उन्होंने इस बातचीत में आप पर निशाना साधा और कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता झूठी अफवाहें फैलाकर अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं और हर दिन आम आदमी पार्टी के किसी न किसी मंत्री या विधायक के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो रहा है। पार्टी ने इन सभी अफवाहों की सीबीआई जांच की मांग की है।





















