
पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष विजय सांपला ने अपने पद से दिया इस्तीफा
चंडीगढ़, 18 जुलाई (विश्ववार्ता) – पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन विजय सांपला ने आयोग के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। अब इस बात की पूरी संभावना व्यक्त की जा रही है कि सांपला को भाजपा हाईकमान संगठन में बड़ी जिम्मेवारी दे सकता है। जालंधर कैंट में स्थित गांव सोफी पिंड के सरपंच के तौर पर 1998 में अपना राजनीतिक सफर शुरू करने वाले विजय सांपला पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान हैं और होशियारपुर से सांसद रहते हुए वह मोदी सरकार में सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता राज्य मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं।
एक दलित नेता के रूप में विजय सांपला की पंजाब से लेकर केंद्र तक मजबूत पहचान है। सांपला के राजनीतिक सफर की बात करें तो 1 सितंबर 2014 से 9 नवंबर 2014 तक सांपला विदेश मामलों की स्थायी समिति के सदस्य चुने गए। 9 नवंबर 2014 को वे केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री बने।























