पंजाब के सभी सरकारी दफ्तर आज से खुलेगें 7.30 बजे
इस तारिख तक प्रभावी रहेगा आदेश, सुबह आठ बजे खुलेंगे अस्पताल
चंडीगढ़, 2 मई (विश्ववार्ता): पंजाब सरकार के सभी सरकारी दफ्तर आज सुबह 7.30 बजे खुलेंगे और दोपहर दो बजे बंद हो जाएंगे। सीएम भगवंत मान भी सुबह अपने कार्यालय पहुंचेंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दो मई से पंजाब के सभी सरकारी दफ्तरों का समय बदल रहा है। मैं खुद भी सुबह 7.30 बजे अपने दफ्तर जाऊंगा। हमारी सरकार की नई पहल की गई है। इससे बहुत फायदे होंगे और इस पहल में मैं पंजाब के लोगों के साथ की भी उम्मीद करता हूं। पंजाब सरकार ने गर्मी के मौसम में बिजली की संभावित कमी से निपटने के लिए दफ्तरों का समय बदलने का फैसला लिया है।
पंजाब स्वास्थ्य विभाग के अधीन आने वाले सरकारी दफ्तरों के खुलने का समय भी आज से बदल जाएगा। अब दफ्तर सुबह साढ़े सात बजे से दो बजे तक खुलेंगे। वहीं अस्पताल पहले की तरह सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक अपनी सेवाएं देंगे। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे मिलेंगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। लोग किसी भी तरह की मेडिकल सहायता विभाग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 104 से भी हासिल कर पाएंगे।