पंजाब के राज्यपाल द्वारा कबीर जयंती पर लोगों को बधाई
चंडीगढ़,3 जून (विश्ववार्ता) कबीर जयंती के अवसर पर पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को हार्दिक बधाई दी।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि संत कबीर जी की प्रेम, एकता और सद्भाव की महान शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक बनी हुई हैं जो प्राचीन काल से अलग-अलग पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती आ रही हैं। श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज उनकी वाणी मन की शुद्धता पर विशेष जोर देने के साथ-साथ मानव जाति की चेतना को जगाती है और जनता को एक शांतिपूर्ण व उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने सदैव उत्पीड़ित वर्गों के हितों का समर्थन किया तथा जातिविहीन और वर्गविहीन समाज के संदेश का प्रचार किया।पुरोहित ने लोगों से महान आध्यात्मिक गुरु की शिक्षाओं का अनुसरण करने और करुणा, सामंजस्य व भाईचारा आधारित समाज के निर्माण हेतु प्रयास करने की अपील की।