
पंजाब के राज्यपाल द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं
चंडीगढ़, 8 नवंबरःपंजाब के राज्यपाल और प्रशासक, केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़, श्री बनवारीलाल पुरोहित ने पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के लोगों को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इस शुभ अवसर की पूर्व संध्या पर जारी एक संदेश में पंजाब के राज्यपाल ने कहा कि गुरु जी ने सदैव मानव जाति की एकता, भाईचारे, आपसी प्रेम और सामाजिक समानता के सिद्धांत का प्रचार और आचरण किया। राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए उनके इस महान ध्येय को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है।
पंजाब के राज्यपाल ने आगे कहा कि गुरु जी की शिक्षाएं सदैव, विशेष रूप से वर्तमान की जटिल और भौतिकवादी दुनिया में पूर्ण रूप से प्रासंगिक हैं। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण, समृद्ध और स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु सच्ची भावना के साथ गुरू जी की शिक्षाओं का पालन करने की अपील की।
राज्यपाल ने लोगों को ‘‘पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत’’ अर्थात पवन हमारा गुरु है, पानी हमारा पिता है और धरती हमारी माँ है, श्लोक की याद दिलाते हुए प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा हेतु गुरु नानक देव जी की विचारधारा को कायम रखने की अपील की।





















