
पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल को लिखी चिट्ठी
चंडीगढ, 25 फरवरी (विश्ववार्ता) : पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने शनिवार को हरियाणा के अपने समकक्ष को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने ‘दिल्ली चलो’ मार्च के दौरान झड़प में घायल और पीजीआई-रोहतक में भर्ती किसान को पंजाब के अधिकारियों को सौंपने का अनुरोध किया है। वर्मा ने कहा कि हरियाणा में इलाज करा रहे पंजाब के किसी अन्य किसान को भी राज्य के अधिकारियों को सौंप दिया जाना चाहिए। दरअसल ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे किसान नेताओं ने आरोप लगाया था कि 21 फरवरी को हरियाणा के सुरक्षाकर्मियों ने कुछ किसानों को पीटा और अपने साथ ले गए।
मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने कहा कि, हमारी संज्ञान में आया है कि किसानों के प्रदर्शन के दौरान पंजाब का एक किसान प्रीतपाल सिंह घायल हुआ है और उसका इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा है। इसलिए हरियाणा मुख्य सचिव से अपील है कि, पीजीआई रोहतक में भर्ती किसान प्रीतपाल सिंह को पंजाब के अधिकारियों को सौंप दिया जाये ताकि पंजाब में सरकार द्वारा उसका मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा यदि पंजाब का कोई को किसान प्रदर्शन के दौरान घायल हुआ है और हरियाणा में इलाजरत है तो उसे भी पंजाब को सौंप देना चाहिए।
21 जनवरी को जींद के दाता सिंह-खनौरी बॉर्डर पर हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे। दिल्ली जाने पर अड़े किसान और हरियाणा पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स के सुरक्षाकर्मी आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर टकराव हुआ। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने किसानों को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। साथ ही रबड़-प्लास्टिक की गोलियां चलाईं जहां इसी बीच एक युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत हो गई और तो वहीं कई किसान घायल हो गए थे। घायल किसानों को पटियाला के अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन इस दौरान एक किसान प्रीत पाल सिंह को हरियाणा पुलिस ने रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया था।





















