
पंजाब के इस जिले मे विदेश से आये जिम मालिक की गोलियां मारकर हत्या
इलाके मे फैली दहशत, पुलिस जांच मे जुटी
चंडीगढ़, 7 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाब के तरनतारन जिले के थाना सदर पट्टी के अंतर्गत आते गांव घरियाला में उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया जब जिम मालिक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना पट्टी के घरियाला गांव की है। बदमाशों ने घर में घुसकर उस पर 5 गोलियां चलाई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए। थाना सदर पट्टी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रणजीत सिंह पुत्र मलूक सिंह निवासी गांव घरियाला करीब आठ साल तक विदेश में नौकरी करने के बाद सात माह पहले ही गांव लौटा था और जिम चलाता था। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे दो अज्ञात व्यक्ति रणजीत सिंह के घर में घुस आए। रणजीत अपनी पत्नी और बेटे के साथ कमरे में सो रहा था। आरोपियों ने रिवाल्वर से उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शरीर पर पांच गोलियां लगने से रणजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोलियों की आवाज सुनकर पिता मलूक सिंह जब हमलावरों को पकडऩे के लिए आगे आए तो आरोपी उन्हें धक्का देकर मौके से भागने में सफल रहे।























