
पंजाब के इस जिले मे घर के बाहर खेल रहे मासूमों को कुत्तों ने नोचा
एक की मौत, दूसरा लड रहा है जिंदगी मौत की जंग
हाईकोर्ट पहले ही डॉग बाइट के बढ़ रहे मामलों पर कर चुका है चिंता व्यक्त
चंडीगढ़, 18 नवंबर (विश्ववार्ता): पंजाब के फिरोजपुर जिले के जीरा में घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों को हड्डारोड़ी के कुत्तों ने नोचकर घायल कर दिया जिससे एक मासूम की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल बच्चे को फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है।
संजय कुमार निवासी बांदा (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वह कामकाज के उद्देश्य से जीरा में रहता है। उनके चचेरे भाई का बेटा रोशन (6) और एक बच्चा शिवा (5) मासी के घर के बाहर खेल रहे थे। हड्डारोड़ी के कुत्तों ने दोनों बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। कुत्तों के नोचने से रोशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवा को बचाकर लोग अस्पताल ले गए। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है। किसान नेता मंगल सिंह का कहना है क्षेत्र में हड्डारोड़ी के बहुत कुत्ते हैं। ये कुत्ते आए दिन लोगों पर हमला करते रहते हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से मृतक बच्चे के परिजनों को आर्थिक मदद देने की मांग की।
पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा मे अब कुत्ते के काटने पर देना होगा मुआवजा
बतां दे कि पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने कुत्तो के काटने पर बड़ा फैसला लेते हुए कहा था कि अब पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा को अब कुत्ते के काटने पर मुआवजा देना होगा। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के जज विनोद एस. भारद्वाज की पीठ ने याचिकाओं का निपटारा करते ये निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट ने पशुओं के कारण सडक़ पर होने वाले हादसों और डॉग बाइट के बढ़ रहे मामलों पर चिंता भी व्यक्त की थी।
पंजाब सहित चंडीगढ़ और हरियाणा में अब कुत्ते के काटने पर भी सरकार द्वारा मुआवजा दिया जाएगा। दरअसल कुत्तों के काटने के बढ़ते मामलों को लेकर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट सख्त नजर आ रहा है। इसे लेकर हाईकोर्ट ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की सरकारों को कुत्ते के काटने पर मुआवजा देने के आदेश दिए हैं। अदालत ने 193 याचिकाओं का एक साथ निपटारा करते हुए पंजाब, हरियाणा की सरकारों और चंडीगढ़ प्रशासन को कुत्ते के काटने संबंधी मामलों में मुआवजा निर्धारित करने के लिए कमेटियां बनाने के आदेश दिए थे।
कोर्ट ने कहा है कि यह कमेटियां संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नरों के नेतृत्व में गठित की जाएंगी। इन कमेटियों को आवेदन मिलने के बाद जांच कर 4 महीनों के अंदर-अंदर मुआवजा राशि जारी करनी होगी। अदालत के आदेशों के अनुसार कुत्ते के काटने से संबंधित मामलों में आर्थिक सहायता कम से कम 10,000 रुपये होगी, जो किसी शख्स से शरीर पर कुत्ते द्वारा मारे गए प्रति दांत के हिसाब से दी जाएगी।
इसके साथ ही कुत्ता अगर किसी व्यक्ति का मास नौच लेता है तो प्रति 0.2 सेमी घाव के हिसाब से मुआवजा कम से कम 20 हजार रुपए दिया जाएगा। इस संबंधी अदालत ने शिकायत मिलने पर पुलिस को भी डी.डी.आर. दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अगर किसी पालतू कुत्ते ने काटा है तो उसके मालिक को हर्जाना देना होगा।























