
पंजाब के इस जिले मे आप पार्टी के युवा नेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पुलिस मामले की जांच मे जुटी
चंडीगढ, 3 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब के कपूरथला जिले में आम आदमी पार्टी के एक युवा नेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक आप युवा नेता की पहचान 28 वर्षीय सुखबीर सिंह के रूप में हुई है, जो गांव गिल थाना सदर नकोदर का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार वह बीते दिन गांव डल्ला में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिसके बाद उसका शव हलका भुल्लथ में कार से बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद भुल्लथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
थाना भुलत्थ के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे किसी राहगीर ने देखा कि उक्त व्यक्ति की कार रोड के नीचे खड़ी है। कार में एक व्यक्ति बेसुध था। इसके बाद राहगीरों ने सुखबीर का फोन खंगाला और उनके घर पर फोन कर मामले की सूचना दी।
एसएचओ हरजिंदर सिंह ने यह भी बताया कि राहगीर सुखबीर को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आप नेता की मौत की वजह का पता नहीं चला है। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार का कोई निशान नहीं मिला। मौत की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।























