
पंजाब के इस जिले फिर बेअदबी की बडी घटना
24 घंटे में अलग-अलग समुदायों के धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी
सुरक्षा कारणो को देखते हुए जिले को किया सील
चंडीगढ, 17 मई (विश्व वार्ता) पंजाब के माहौल को खराब करने के लिए फिर बठिंडा में सोमवार रात हुई हनुमान चालीसा की बेअदबी के कुछ ही घंटे बाद, आज सुबह गुटका साहिब को अपवित्र करने का केस सामने आया। यहां निरंकारी समाज के अलावा डेरा सच्चा सौदा से जुड़ी धार्मिक पुस्तक के पेज भी फाडक़र फेंके गए।
आज सुबह बेअदबी की घटना डीडी मित्तल टावर कॉलोनी में हुई, जिसके बाद पुलिस ने इस कॉलोनी को सील कर दिया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस की छानबीन जारी है। 24 घंटे से भी कम समय में अलग-अलग समुदायों के धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की घटनाओं के बाद बठिंडा शहर में लोग खौफ में हैं।
मित्तल टावर के लोगों ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े छह बजे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा से जुड़ी एक किताब का पन्ना ऊपर से नीचे फेंका गया। इसके कुछ ही समय बाद निरंकारी समाज से जुड़ी एक धार्मिक पुस्तक का पन्ना फाडक़र फेंका गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने से बचती रही। इसके बाद सुबह तकरीबन साढ़े 9 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब का आवरण और गुटका साहिब के अंग तोडक़र ऊपर से नीचे फेंके गए।
डीएसपी चिरंजीव ने बताया कि डीडी मित्तल टावर की दसवीं मंजिल पर रहने वाली एक एनआरआई महिला ने अलग-अलग धर्मों से जुड़ी कुछ किताबें और गुटका साहिब अपनी लॉबी में रखी हुई थीं। वहीं से गुटका साहिब के अंग नीचे गिरे। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।























