
पंजाब की लुधियाना पुलिस ने ठगी गिरोह का किया पर्दाफाश
शेयर मार्केट में निवेश और बेटिंग एप से ठगी
चंडीगढ, 26 जनवरी: (विश्ववार्ता) पंजाब की लुधियाना पुलिस ने ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों से 1.94 करोड़ की नकदी, 19 मोबाइल, लैपटॉप और नोट गिनने वाली मशीनें मिली हैं। आरोपियों ने एक कोठी को किराये पर लेकर दफ्तर खोल रखा था। शातिर निवेश के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
सॉफ्टवेयर के जरिये शेयर मार्केट में अवैध ट्रेडिंग करवाने और बेटिंग एप पर दड़ा-सट्टा लगवाकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले पांच शातिरों को थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने इस धंधे को अंजाम देने के लिए एक कोठी किराये पर लेकर दफ्तर बना रखा था।
पुलिस को मौके से 1.94 करोड़ रुपये, विभिन्न कंपनियों के 19 मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, एक कंप्यूटर सेट और दो नोट गिनने वालीं मशीनें बरामद की हैं। पुलिस ने गिरोह के किंगपिन कुशल कुमार, संदीप सेठी, ओंकार उर्फ हनी, दिनेश कुमार और विवेक कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।





















