पंजाब की औद्योगिक राजधानी में स्थापित हुआ विश्व का सबसे बड़ा सौलर ट्री
सीएसआईआर-सीएमईआरआई की शोध गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज
वाहनों की चार्जिंग से खेत में खाना पकाने तक होगा कारगर
लुधियाना,14 मार्च (विश्व वार्ता) भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत चल रहे कांउसिल ऑफ सांइटिफिक एंड इंडस्ट्रीयल रिसर्च (सीएसआईआर), वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएमईआरआई) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत के संदेश को साकार करते हुए सौर ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों के मद्देनजर विश्व का सबसे बड़ा सौर वृक्ष विकसित किया है। जिसकी स्थापना आज यहां आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फार्म मशीनरी में की गई। सौर वृक्ष का औपचारिक अनावरण लुधियाना के मेयर बलकार सिंह संधू ने किया।
गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में शामिल इस सौर वृक्ष के पीवी पैनल कुल धरातलीय क्षेत्रफल 309.83 वर्गमीटर है, जिसने पिछले 67 वर्ग मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
सौर वृक्ष विभिन्न उपकरणों से लैस ढांचा है,जो पेड़ की तरह लगता है, जिसकी पत्तियां सौर पैनलों से लैस हैं। इनका काम सौर ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में बदलना होता है। उद्घाटन समारोह में सीएसआईआर-सीएमईआरआई दुर्गापुर के निदेशक प्रोफेसर हरीश हिरानी, सेंटर ऑफ एनर्जी एंड एन्वायरमेंट एनआईटी जालंधर के विभागाध्यक्ष प्रो.एम.के.झा, स्कूल ऑफ एनर्जी एंड एन्वायरमेंट टीआईटी पटियाला के प्रो.एन.तेजा प्रकाश समेत कई गणमान्य मौजूद थे।
सीएसआईआर-सीएमईआरआई के निदेशक प्रोफेसर हरीश हिरानी ने विभिन्न इन्नोवेटिव एप्लीकेशंस की घोषणा करते हुए कहा कि सबसे बड़े सौर वृक्ष के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड का हिस्सा बनना किसी बड़ी उपलब्धी से कम नहीं है। यहां के वैज्ञानिक आए दिन नई शोध में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सौर वृक्ष में व्यापक एप्लीकेशंस होते हैं,जैसे ई-ट्रैक्टर्स, ई-पॉवर टिलर्स और इलैक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग स्टेशंस, सिंचाई की जरूरतों के लिए संचालित कृषि पंप, खेतों में खाना पकाने के लिए सौर आधारित सिस्टम, खेत की फसल को लंबे समय तक बचाए रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज को पॉवर देने जैसी खेती से जुड़ी विभिन्न जरूरतों को पूरा करता है।