
पंजाब का पहला पर्यटन शिखर सम्मेलन और ट्रैवल मार्ट मोहाली में आज
पर्यटन मंत्री ने लोगों को 12 सितंबर को ट्रेवल मार्ट में बढ़-चढक़र शामिल होने की भी अपील की
चंडीगढ, 11 सितंबर (विश्ववार्ता) पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य में आयोजित किए जा रहे पहले पंजाब टूरिज्म समिट और ट्रैवल मार्ट की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और यह समिट आम जनता के लिए खुला रहेगा। सोमवार को शाम 5 से 7 बजे तक और मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक। पंजाब सरकार द्वारा मोहाली में आयोजित किया जा रहा पहला पंजाब टूरिज्म समिट और ट्रैवल मार्ट आज से शुरू हो रहा है।
इसका उद्घाटन आज मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे। पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान ने बताया कि सम्मेलन 13 सितंबर तक चलेगा। इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त आशिका जैन ने यह जानकारी साझा की। उपायुक्त ने लोगों से अधिक से अधिक भाग लेने की अपील भी की। उल्लेखनीय है कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11 सितंबर से 13 सितंबर, 2023 तक एमिटी यूनिवर्सिटी, सेक्टर 82, मोहाली में आयोजित किए जा रहे टूरिज्म समिट और ट्रैवल मार्ट के तहत बहुआयामी कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है।
समिट के पहले दिन उद्घाटन समारोह के बाद मुख्यमंत्री मान पर्यटन क्षेत्र और उद्योग पर आधारित ट्रेवल मार्ट का उद्घाटन भी करेंगे। पर्यटन मंत्री ने पंजाब के लोगों को 12 सितंबर को ट्रेवल मार्ट में बढ़-चढक़र शामिल होने की भी अपील की है। पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस समिट में पर्यटन उद्योग के साथ जुड़े करीब 600 नामी हस्तियां शिरकत करेंगी। इसके साथ ही फिल्म और संगीत जगत से जुड़ी हस्तियां भी बड़ी संख्या में शिरकत करेंगी।























