
पंचकूला के गांव टोडा में दोस्तो के साथ नदी मे नहाने गया 17 वर्षीय युवक पानी मे डूबा
माता पिता की इकलौती संतान था युवक , घर मे छाया मातम
पुलिस ने जिले में नदी और नालों के पास धारा -144 लागू
चंडीगढ़, 5 जुलाई ( विश्ववार्ता) हरियाणा के पंचकूला जिले गांव टोडा के पास टांगरी नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक की डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान नया गांव निवासी परवीन के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और 10वीं कक्षा का छात्र था। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। परवीन के पिता हरमेश और माता संयोगिता दिहाड़ी मजदूर हैं। दोपहर करीब दो बजे डूबे युवक के शव को एनडीआरएफ की टीम ने चार घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुरेंद्र सिंह यादव और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर -6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
पुलिस ने जिले में नदी और नालों के पास धारा -144 लागू की हुई है। किसी को भी इनके पास जाने की अनुमति नहीं है। यहां तक कि सितंबर तक नदी-नालों पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी नहीं किया जा सकता है। चौकी और थाना प्रभारी सुनिश्चित करें कि इन नियमों का सख्ती के साथ पालन किया जाए।






















