
नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट के बाद टेलर कन्हैया लाल की दिनदहाड़े तालिबानी तरीके से गला रेत कर हत्या
चंडीगढ़, 29 जून: ( विश्ववार्ता): राजस्थान के उदयपुर में नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट के बाद टेलर कन्हैया लाल की दिनदहाड़े तालिबानी तरीके से गला रेत कर हत्या कर दी गई। खास बात है कि नूपुर शर्मा के समर्थन में 10 दिन पहले कन्हैयालाल के 8 साल के बेटे ने एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट के बाद ही कन्हैया लाल को जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पोस्ट के बाद कन्हैया लाल की समुदाय विशेष के लोगों के साथ बहस भी हुई थी। इसको लेकर कन्हैया लाल ने पुलिस को शिकायत भी दी थी। इसके बावजूद पुलिस की तरफ से उसको किसी भी तरह की सुरक्षा नहीं मुहैया कराई गई। पुलिस ने उसे कुछ दिन शांति से रहने की सलाह देकर लौटा दिया था। धमकी के डर से कन्हैया लाल ने पिछले कुछ दिन अपनी दुकान भी बंद रखी थी।





















