
नूंह में आज को होने वाले ब्रज मंडल यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट
आज चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात,स्कूल-कॉलेज बंद, बॉर्डर सील
धारा 144 लागू
चंडीगढ़, 28 अगस्त (विश्ववार्ता) सर्व जातीय हिंदू महापंचायत की ओर से आज ‘शोभा यात्रा’ निकालने का आह्वान किए जाने के मद्देनजर हरियाणा के नूंह और अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्राधिकारियों द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद यात्रा का आह्वान किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि कड़ी निगरानी रखने के लिए अर्धसैनिक बलों सहित सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है और अंतरराज्यीय तथा अंतर जिला सीमाओं पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
नूंह जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार को शैक्षणिक संस्थानों और बैंकों को बंद रखने का आदेश दिया है. प्रशासन ने मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को निलंबित कर दिया है. इसने सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी लगा दी है, जिसके तहत सोमवार को क्षेत्र में चार या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है. विश्व हिंदू परिषद की यात्रा पर 31 जुलाई को भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद नूंह और उसके आसपास के इलाकों में हुई सांप्रदायिक झड़पों में दो होम गार्ड और एक इमाम सहित छह लोग मारे गए थे.





















