
नाभा जेल जेल ब्रेक कांड के कारण सेवा से बर्खास्त पांच जेल अधिकारियों की याचिका को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने किया खारिज
चंडीगढ, 16 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 2016 में नाभा जेल ब्रेक की घटना के बाद बर्खास्त किए गए 5 जेल अधिकारियों के बर्खास्तगी आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। जेल अधीक्षक ने घटना के समय रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में होने व अन्य ने लंबी बेदाग सेवा की दलीलें दी थीं, जिसे दरकिनार करते हुए हाईकोर्ट ने बर्खास्तगी के आदेश में दखल से इन्कार कर दिया। 2016 में कई हथियारबंद लोग पुलिस की वर्दी पहनकर और कारों में सवार होकर नाभा जेल पहुंचे थे। उनके साथ कुछ अन्य लोग थे जिनके हाथों में हथकड़ियां लगी थीं और उन्हें कैदी की तरह दिखाया गया था।
इन कैदियों को पहुंचाने के बहाने आतंकियों को छुड़ाने के लिए कुछ लोग पंजाब की अधिकतम सुरक्षा वाली नाभा जेल में दाखिल हुए। जेल के छह कैदी पहले से ही दो सुरक्षा द्वारों के बीच बरामदे के अंदर उनका इंतजार कर रहे थे, उन्होंने जेल कर्मचारियों को उन्हें उस स्थान तक पहुंचने देने के लिए मना लिया था। जिन लोगों को छुड़ाने के लिए ये लोग आए थे वे कट्टर आतंकवादी थे और कई खतरनाक मामलों में वांछित थे। इस दौरान गोलियां चलाकर कोठरियों का ताला तोड़ वे सभी भाग निकले।























