
दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर 8वीं बार विश्व कप फाइनल में पहुंचा
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को भारत से मुकाबला, फाइनल से पहले होगा एयर शो
चंडीगढ़, 17 नवंबर (विश्ववार्ता):: वनडे विश्व कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। पांच बार की विश्व विजेता कंगारू टीम का सामना रविवार को अहमदाबाद के मैदान में मेजबान और दो बार के विश्व चैंपियन भारत से होगा। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 212 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 47.2 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अफ्रीकी टीम पांचवीं बार विश्व कप के सेमीफाइनल में हारकर बाहर हुई है।
अब भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल महामुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैच देखने के लिए स्टेडियम में पहुंच सकते हैं। फाइनल से पहले भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण की टीम का हवाई शो आयोजित किया जाएगा। सेना (गुजरात) के जनसंपर्क अधिकारी की ओर से बताया गया कि फाइनल से ठीक पहले सूर्यकिरण की एरोबैटिक टीम 10 मिनट तक स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को अपने करतबों से मंत्रमुग्ध करेगी।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 101 रन डेविड मिलर ने बनाए। क्लासेन ने 47 रन की पारी खेली। कोइत्जे ने 19 रन बनाए। मार्करम और रबाडा ने 10-10 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने तीन-तीन विकेट लिए। जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 62 रन ट्रेविस हेड ने बनाए। स्टीव स्मिथ ने 30 और डेविड वॉर्नर ने 29 रन का योगदान दिया।





















