
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल आज पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष नहीं होंगे पेश
केजरीवाल ने ईडी को दिया यह जवाब
चंडीगढ़, 2 नवंबर (विश्ववार्ता) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश नहीं होंगे और वह चुनाव प्रचार के लिए मध्य प्रदेश जाएंगे। आम आदमी पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।पार्टी के एक सूत्र ने बताया, ‘‘वह मध्य प्रदेश के सिंगरौली जाएंगे जहां वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ एक रोडशो में हिस्सा लेंगे। वह कुछ देर में मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे।” प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित आबकारी नीति घोटाला से संबंधित धन शोधन के मामले में पूछताछ के लिए समन किया है। उन्हें वीरवार को पूर्वाह्न 11 बजे जांच एजेंसी के दिल्ली कार्यालय में पेश होना था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी को जवाब दिया है। केजरीवाल ने कहा कि समन का नोटिस अवैध और राजनीति से प्रेरित है। नोटिस भाजपा के इशारे पर भेजा गया है। नोटिस यह सुनिश्चित करने के लिए भेजा गया है कि मैं चार राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए जाने में असमर्थ रहूं। ईडी को तुरंत नोटिस वापस लेना चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि आप का राष्ट्रीय संयोजक और एक स्टार प्रचारक होने के नाते, मुझे चुनाव प्रचार के लिए यात्रा करनी पड़ती है और आप के अपने क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को राजनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करना पड़ता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में, मैं शासन और आधिकारिक प्रतिबद्धताएं हैं जिनके लिए मेरी उपस्थिति आवश्यक है, विशेष रूप से आने वाली दिवाली के मद्देनजर।























