
दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत आज
रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत के चलते ट्रैफिक अलर्ट
चंडीगढ़, 14 मार्च (विश्ववार्ता) आज दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन होने जा रहा है। इस महापंचायत में शामिल होने के लिए शाम से ही पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के कई दूसरे राज्यों से किसानों का जत्था दिल्ली पहुंच रहा है। इससे पहले बुधवार शाम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दिल्ली के रकाबगंज गुरुद्वारा और बांग्ला साहिब गुरुद्वारा पहुंच रहे कई किसानों को पुलिस ने नई दिल्ली एरिया में जाने से रोक दिया। इसको लेकर किसानों ने नाराजगी जताई।
किसान नेताओं का कहना है कि उन्हें महापंचायत में शामिल होने से रोका जा रहा है। वहां रुकने की परमिशन नहीं है, इसलिए दूर से दिल्ली आ रहे किसानों के खाने-पीने की व्यवस्था आसपास के गुरुद्वारों में की गई है। लेकिन, पुलिस गुरुद्वारों तक भी नहीं पहुंचने दे रही है।
महापंचायत में शामिल होने के लिए बस, ट्रेन और पर्सनल गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। वहीं किसान नेताओं का दावा है कि इस महापंचायत में कई ट्रेड यूनियन, क्षेत्रीय फेडरेशनों और असोसिएशनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।





















