
दिल्ली एयरपोर्ट पर बम की अफवाह से मचा हडकंप
दो घंटे देरी से उड़ी दिल्ली-मुंबई की फ्लाइट
चंडीगढ़, 9 जून (विश्ववार्ता) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री के बैग में बम होने के दावे से हडकंप मच गया जिस कारण मुंबई जा रही विस्तार एयरलाइंस की एक उड़ान में करीब दो घंटे की देरी हुई। हालांकि बाद में यह दावा फर्जी निकला। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि महिला यात्री ने एयरलाइन के चालक दल को बताया कि उसने एक पुरुष यात्री को फोन पर किसी से यह कहते हुए सुना कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) की टीम उसके बैग में रखे हुए बम का पता नहीं लगा सकी। सूत्रों ने कहा कि चालक दल ने तुरंत सुरक्षा और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों को इस बारे में सूचित किया, जिसके बाद विमान के उड़ान भरने में देरी हुई और टर्मिनल क्षेत्र और चेक-इन सामान में एक अभियान चलाया गया। इस दौरान समग्र सुरक्षा तंत्र को सतर्क रखा गया था।





















