तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ ‘आप’ ने किया राज्य भर में प्रदर्शन
तेल की बढ़ती कीमतों के कारण लोग हो रहे हैं परेशान, लेकिन कैप्टन है लोगों की समस्याओं से अनजान
कहा आम आदमी पार्टी हमेशा लोगों की समस्याओं को उठाती रहेगी

चंडीगढ़, 21 फरवरी 2021तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने रविवार को राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनों का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के जिला प्रधानों ने किया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। इस मौके पर आप नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी के कारण आम लोगों का जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है और लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।
आप नेताओं ने कहा कि उत्तर भारतीय राज्यों में पंजाब में तेल की कीमत सबसे ज्यादा है। अन्य राज्यों के मुकाबले कैप्टन सरकार डीजल पेट्रोल पर जनता से ज्यादा टैक्स वसूल रही है इसीलिए अन्य उत्तर भारतीय राज्यों की तुलना में पंजाब में पेट्रोल लगभग ₹4 और डीजल लगभग ₹3 महंगा बिक रहा है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण पंजाब के लोगों को हो रही समस्याएं दूर करने के बजाए अपने शाही फार्म हाउस में बैठे हुए हैं। एक तरफ कैप्टन राज्य की सरकारी संपत्तियों को माफियाओं के हाथों लूटवा रहे हैं और दूसरी तरफ पेट्रोल-डीजल पर ज्यादा टैक्स लगाकर जनता को लूटा जा रहा है।
आप नेताओं ने कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण पंजाब के किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि खेती करने के लिए किसानों को भारी मात्रा में डीजल की जरूरत पड़ती है। कैप्टन सरकार डीजल पर ज्यादा टैक्स लगाकर पंजाब के किसानों को लूट रही है और उन्हें आर्थिक तौर पर कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी सरकार किसानों पर लगातार अत्याचार कर रही है और दूसरी तरफ कैप्टन सरकार तेल की कीमत बढ़ाकर किसानों और आम लोगों को लूट रही है। आप नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा लोगों की समस्याओं को उठाती रहेगी और उनके साथ हर मुश्किल घड़ी में कंधे से कंधे मिलाकर खड़ी रहेगी।






















