झारखंड की राजनीति में आज बड़ा दिन, चंपई सोरेन सरकार की आज पहली परीक्षा
चंडीगढ, 5 फरवरी (विश्ववार्ता)झारखंड की राजनीति में आज बड़ा दिन है चंपई सोरेन सरकार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट का सामना करेगी. इसी के साथ सरकार का भविष्य भी तय हो जाएगा। इससे पहले 31 जनवरी को हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद विधायक दल की बैठक में चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया था। 2 फरवरी (शुक्रवार) को चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. वहीं, आज चंपई सोरेन सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और चंपई सोरेन द्वारा सीएम पद की शपथ लेने के बाद इन विधायकों को तेलंगाना भेज दिया गया था। झामुमो ने तब भाजपा पर खरीद-फरोख्त के जरिए विधायकों को दल बदलवाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
गौरतलब है कि आज यानी सोमवार से झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र भी शुरू हो रहा है। सोमवार और मंगलवार को चलने वाले इस सत्र में चंपई सरकार बहुमत साबित करेगी।दरअसल, जेएमएम नीत गठबंधन के करीब 40 विधायक दो फरवरी को दो उड़ानों से हैदराबाद पहुंचे थे। आशंका जताई गई थी कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली नई सरकार के विश्वास मत से पहले विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश कर सकती है। अब विधानसभा में विश्वास मत से एक दिन पहले रविवार को रांची के लिए रवाना हुए और देर रात राज्य की राजधानी पहुंचे। विधायक पिछले तीन दिनों से यहां एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे।






















