
जालंधर-लुधियाना हाईवे पर किसानों द्वारा लगाया गया धरना आज दूसरे दिन मे प्रवेश
दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे पूरी तरह से बंद, ट्रैफिक डायवर्जन रूट जारी
लोगों को अपने गंतव्य तक जाने में काफी मुश्किलों का करना पड़ रहा है सामना
चंडीगढ़, 22 नवंबर (विश्ववार्ता) जालंधर के धन्नो वाली फाटक के पास गन्ने के रेट बढ़ाने और पराली जलाने के केसों को रद्द करवाने को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की कॉल पर धरना प्रदर्शन आज दूसरे दिन मे प्रवेश कर गया है। किसानों ने जालंधर-लुधियाना हाईवे पर धरना लगाया हुआ है, जिसमें सभी किसान संगठन हिस्सा ले रहे हैं। किसान नेता बलविंदर सिंह ने बताया कि धरना दूसरे दिन में पहुंच चुका है और आज हाईवे के साथ-साथ सर्विस लेन भी बंद कर दी गई है। अब तक धरने में कुल 22 किसान संगठन पहुंच चुके हैं और बाकी संगठन भी पहुंच जाएंगे।
जालंधर से आगे गंतव्य पर जाने वाले यात्रियों को पुलिस ने ट्रैफिक जारी कर उसके हिसाब से सफर करने का सुझाव दिया है। अमृतसर जाने के लिए आदमपुर, किशनगढ़ करतारपुर के रास्ते से और फिल्लौर से नूर महल और नकोदर होते हुए जाएं। चंडीगढ़ जाने के लिए किशनगढ़, आदमपुर, होशियारपुर, गढ़शंकर, नवांशहर होते हुए निकले। लुधियाना के लिए किशनगढ़, आदमपुर मेहटियाणा और फगवाड़ा होते हुए सफर करें। पठानकोट जाने के लिए फिल्लौर से राहों, नवांशहर, गढ़शंकर, होशियारपुर से निकलें।
आपको बता दे किसानों ने आज गन्ने की कीमतों में बढ़ौतरी को लेकर जालंधर-लुधियाना हाईवे धरना लगाकर जाम कर दिया था। जिसके चलते शाम होते-होते शहर व नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। इसके चलते पीएपी से लेकर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन तक लगभग 2 किलोमीटर मार्ग में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। वाहन सडक़ों पर चलने की जगह रेंगते हुए नजर आए और लोग बेबस। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया था, लेकिन बावजूद इसके लोगों को अपने गंतव्य तक जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।























