
जालंधर में सुबह-सुबह युवक का खून से लथपथ शव मिलने से दहशत का माहौल
चेहरा पर चोटें मार पहचान गायब करने की कोशिश
चंडीगढ, 13 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब के जालंधर में दाना मंडी के पास आज सुबह लोहड़ी के दिन एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है जिससे इलाके मे दहशत का माहौल बन गया है फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। मृतक ने ट्रैकसूट पहना हुआ है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है।
युवक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के साथ-साथ चेहरे पर भी चोटों के निशान मिले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस तरह से चेहरे पर चोटें मारी गई हैं और घाव देखे गए हैं उससे लगता है कि युवक को मारने के बाद उसकी पहचान मिटाने की कोशिश की गई है। बहरहाल पुलिस सारे मामले की जांच में जुट गई है।





















