जालंधर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, कपूरथला से हेरोइन सप्लाई करने जालंधर आए मां-बेटा गिरफ्तार

जालंधर 29 मार्च (अश्विनी ठाकुर,विश्व वार्ता)-जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के अभियान को बड़ी सफलता उस समय हाथ लगी जब करतारपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने कपूरथला से हेरोइन की डिलीवरी देने आए मां बेटे को गिरफ्तार कर लिया। दोनों तस्करों के कब्जे से पुलिस ने 25 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मां-बेटे कपूरथला से जालंधर बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। आरोपितों की पहचान कपूरथला जिले के सुभानपुर के गांव डोगरावाली की रहने वाली कश्मीर कौर और उसके बेटे बलविंदर उर्फ बिंदर के रूप में हुई।
एएसआई गुरमीत राम ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग हेरोइन की डिलीवरी करने कपूरथला से करतारपुर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाही करते हुए नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन और एक बिना नंबर की पल्सर बाइक बरामद कर ली। तलाशी के दौरान पुलिस को कश्मीर कौर के पर्स से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों ही आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उनसे पूछताछ शुरू कर दी है ताकि तस्करों को कहा से नशे की सप्लाई हो रही है, इसका पता लगाया जा सके।






















