
जल संसाधन मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर दरियाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को जारी किये ये निर्देश
चंडीगढ़, 21 जुलाई (विश्ववार्ता) पंजाब में रिकॉर्ड तोड़ बारिश और बाढ से कई जिलों में बाढ़ की स्थिति का जल संसाधन मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने जायजा लिया और चल रहे बचाव कार्यों के काम में तेजी लाने के लिए विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा मीटिंग की। मीत हेयर ने कहा कि सी.एम. मान बाढ़ की स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और वह लगातार विभाग से रिपोर्ट ले रहे हैं। सी.एम. के निर्देश पर विभाग बांधों, नदियों, नहरों में पानी की स्थिति पर नजर रख रहा है और गैप फिलिंग का काम तेजी से किया जा रहा है। बैठक के दौरान प्रधान सचिव जल संसाधन कृष्ण कुमार ने वर्तमान स्थिति पर रिपोर्ट पेश की और चल रहे कार्यों का ब्यौरा दिया।
मंत्री मीत हेयर ने कहा कि पंजाब के कई जिलों की स्थिति का कारण 9 और 10 जुलाई को हुई बारिश है। उन्होंने आंकड़े देते हुए बताया कि सामान्य समय में जुलाई में कुल औसत बारिश 288 मि.मी. होती है, लेकिन इस बार महज 2 दिनों में 377 मि.मी. बारिश हो गई। इसी तरह, मोहाली में जुलाई के महीने में औसतन 208.6 मि.मी. बारिश होती थी और इस बार 2 दिनों में 266 मि.मी. बारिश हुई। अगर पूरे पंजाब की बात करें तो जुलाई महीने में राज्य में 161.4 मि.मी. बारिश हुई थी और इस बार 2 दिनों में 83.4 मि.मी. बारिश हुई है।























