छावनी बना गाजीपुर बॉर्डर दिल्ली जाने के लिए अड़े किसान:
पुलिस ने ड्रोन से आंसू गैस के गोले छोड़े
शंभू, टिकरी और सिंघू बॉर्डर के अलावा गाजीपुर सीमा पर भीषण जाम लगना शुरू
चंडीगढ, 13 फरवरी (विश्ववार्ता)पंजाब से किसानों का दिल्ली कूच शुरू हो गया है।मंगलवार को अंबाला के शंभू बॉर्डर पर किसानों के ट्रैक्टर पहुंचने शुरू हो गए। हालांकि वहां पुलिस ने भारी भरकम बैरिकेडिंग की हुई है। साथ ही भारी सुरक्षाबल भी तैनात किया गया है। रास्ते में पुलिस ने कील बिछा दी हैं। हाईवे पर दीवारें बनाई हैं, इसके साथ ही बड़े-बड़े बोल्डर भी रख दिए हैं। ताकी किसान देश की राजधानी दिल्ली में न पहुंच पाए।
12 फरवरी की रात चंडीगढ़ में साढ़े 5 घंटे चली मीटिंग में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) गारंटी कानून और कर्ज माफी पर सहमति नहीं बन पाई थी।
वहीं, इसका असर आम जनता पर भी पड़ रहा है। किसानों के दिल्ली पहुंचने से पहले ही शंभू, टिकरी और सिंघू बॉर्डर के अलावा गाजीपुर सीमा पर जाम लगना शुरू हो गया है। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर एक किलोमीटर लंबा जाम लगा है। एनएच नौ पर बैरिकेडिंग की वजह से भीषण जाम लगा है। इस वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।























