
चंडीगढ में लापता 8 साल की मासूम बच्ची का 4 दिनो के बाद मिला शव
पुलिस मामले की जांच मे जुटी
चंडीगढ, 23 जनवरी (विश्ववार्ता): पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में 4 दिन से लापता 8 साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है पता चला है कि लापता बच्ची की बेरहमी से हत्या की गई है। अब बच्ची की लाश झाडिय़ों से बरामद हुई है। चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा में चार दिन पहले घर से लापता हुई आठ साल की बच्ची का शव कुछ दूरी पर ही पावरग्रिड के पास से बरामद हुआ है। बच्ची के गले पर तेजधार हथियार से वार करने के निशान मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आ रही है।
हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने इस मामले में बिहार निवासी हीरालाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम बिहार गई है।
घटना की पुलिस को शिकायत दी गई तो आस-पास की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। सीसीटीवी में बच्ची नजर नहीं आई। इस पर बिल्डिंग में बने अन्य कमरों की भी तलाशी ली गई। उनमें से एक कमरे पर ताला लगा हुआ था। जब ताला तोडक़र जांच की गई तो वहां एक गद्दे पर खून लगा हुआ था। जिसके बाद सीएफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और नमूने एकत्र किए गए। उस रूम में एक चाकू भी मिला जो पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस तीन दिन तक रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक, बस स्टैंड, शहर के सभी जंगलों में बच्ची की तलाश में लगी रही, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। वहीं, रविवार रात पुलिस को हल्लोमाजरा के पावर ग्रिड के पास जंगल में बच्ची की लाश मिली। 19 जनवरी को तीसरी कक्षा में पढऩे वाली आठ वर्षीय बच्ची घर के पास ही एक दुकान पर जाने के लिए निकली थी। उसे उसकी मां ने सिलाई मशीन का कुछ सामान लाने के लिए भेजा था। बच्ची लौटकर घर नहीं पहुंची।





















