
चंडीगढ में मार्च की इस तारिख शुरू होंगे 53 ईवी चार्जिंग स्टेशन
सिटी ब्यूटीफुल वासियों ने इलेक्ट्रिक वाहनों को अपने जीवन में शामिल करना शुरू कर दियाा है: प्रशासक बनवारी लाल
प्रशासक पुरोहित ने पीएचडीसीसीआई के ईवी एक्सपो का किया उदघाटन
चंडीगढ़, 17 मार्च (विश्ववार्ता) पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल ने कहा है कि सिटी ब्यूटीफुल वासियों ने इलेक्ट्रिक वाहनों को अपने जीवन में शामिल करना शुरू कर दिया है। जिसके चलते चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा 31 मार्च तक शहर के 32 स्थानों पर 53 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इस दिशा में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार काम किया जा रहा है और वह खुद इस योजना को मॉनिटर कर रहे हैं।
पुरोहित चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित दूसरे तीन दिवसीय इलेक्ट्रिक व्हीकल एवं रैन्यूवेबल एनर्जी एक्सपो का उदघाटन करने के बाद ईवी निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों तथा शहर वासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा सितंबर 2022 के दौरान ईवी पॉलिसी को लागू किया गया था। जिसके चलते अब तक हजारों की संख्या में लोग इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण करवा चुके हैं। अब प्रशासन द्वारा रॉक गार्डन पार्किंग और लेक क्लब पार्किंग,सेक्टर 17 में मल्टी-लेवल पार्किंग, सेक्टर 22 में परेड ग्राउंड के सामने, सेक्टर 23, सेक्टर 34 में पासपोर्ट कार्यालय के पास आदि स्थानों पर लोगों की सुविधा के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किए जार हैं।
पुरोहित ने कहा कि चंडीगढ़ की सुंदरता यहां की हरियाली के कारण है। ग्रीन सिटी में हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पिछले कुछ वर्षों से किए जा रहे प्रयासों के चलते चंडीगढ़ के वन क्षेत्र में नौ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में जहां ईवी को शामिल किया जा रहा है वहीं प्रशासन का प्रयास है कि 2027 तक चंडीगढ़ की सडक़ों पर 70 फीसदी इलैक्ट्रिक वाहन दौड़ें।
इससे पहले पुरोहित का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए चंडीगढ़़ प्रशासन में साइंस एवं टैक्नॉलजी विभाग के सचिव आईएफएस टी.सी. नौटियाल ने कहा कि शहर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है। ईवी अपनाने में पूरे देश में चंडीगढ़ सबसे ऊपर है। जनवरी-फरवरी 2024 में शहर में बिके कुल वाहनों में 15.66 फीसदी इलेक्ट्रिक थे। उन्होंने बताया कि ईवी खरीदने को वालों को अब तक सब्सिडी के रूप में 18.66 करोड़ दिए गए हैं।





















