
चंडीगढ पीजीआई मे खुला उत्तर भारत का पहला स्किन बैंक
स्किन बैंक की मदद से बर्न केसेज में झुलसे मरीजों की जान बचाने और उन्हें जल्द ठीक करने में मिलेगी मदद
चंडीगढ, 7 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब व हरियाणा की राजधानी व सिटी ब्युटीफुल के नाम से मशहूर चंडीगढ से फिर बडी खबर सामने आ रही है कि उत्तर भारत का पहला स्किन बैंक चंडीगढ पीजीआई मे खुला है जिसका आज उद्घाटन किया गया। इस बैंक की मदद से बर्न केसेज, खासकर छोटे बच्चों की, में झुलसे मरीजों की जान बचाने और उन्हें जल्द ठीक करने में मदद मिलेगी। अभी देश के किसी भी एम्स में स्किन बैंक की सुविधा नहीं है। इसका नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन ने लाइसेंस प्रदान कर दिया है। इस अवसर पर पब्लिक फोरम का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने स्किन बैंक से जुड़ी जानकारी ली।
पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग को इसके संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। इस बैंक में देहदान करने वालों और ब्रेन डेड मरीज के परिजनों की सहमति से उनकी स्किन भी संरक्षित की जाएगी। इसकी मदद से आग से झुलसे मरीजों की जान बचाने और उन्हें बेहतर इलाज देने में मदद मिलेगी। प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख प्रो. अतुल पराशर ने बताया कि अंगदान की ही तरह अब त्वचा दान के लिए भी रोटो के प्रतिनिधि गंभीर मरीजों के परिजनों को प्रेरित करेंगे।























